नूतन वर्ष लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नूतन वर्ष लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 31 दिसंबर 2021

हे नूतन वर्ष ! अबकी आना तो ...

हे नूतन वर्ष !

अबकी आना तो

मास्क लगाकर 

सेनिटाइज़ होकर 

हाथों को सफ़ाई से धोकर 

ओमीक्रॉन, कोरोना से 

पूरी दूरी बनाकर 

दोनों वैक्सीन के साथ 

बूस्टर से भी लैस होकर आना 

तुम पूरी तरह सुरक्षित हो जाना 

तुम्हारा हृदय से स्वागत करेंगे 

मन की बातें आँखों से करेंगे 

क्योंकि अब तुम्हारे स्वागत में 

सुंदर कवितायेँ नहीं बन पा रही है 

शब्द गुम हो गए ख़ुशी खो गई है 

जिन्हें जीना था वे बेमौत मरे हैं 

जो बच गए वे भी कम नहीं मरे हैं

हे नववर्ष तुमसे इतना है कहना 

इस महामारी से बचकर रहना

हमारे थोड़े से कहे को 

भलीभाँति समझ लेना 

कम में या ज़्यादा में 

जैसे भी हो रखना  

पर पिछले साल जैसे  होना .....

गुरुवार, 31 दिसंबर 2020

धरती की वेदना - जन्मा कोरोना

धरती माँ ने सही

असह्य वेदना

जन्मा कोरोना

कभी रफ़्तार होती थी

मायने ज़िंदगी की

थम गई दुनिया

एक ही पल में

धरा ने खोल दिया

अपने घर का झरोखा

आसमान साफ़ किया

आँगन बुहारा

कुछ परिंदे उड़ा दिए

कुछ सहेज लिये 

जल पवित्र किया 

नदियाँ जी उठीं  

हवा शुद्ध की

अल्प साधनों में

जीना सिखा दिया

लौटा दी प्राकृतिक छटा

ताकि सांस ले सके जीवन

पनपती रहें वनस्पतियां

बचे रहें पहाड़

आओ इस नए साल में

संकल्प लें हम सब

धरती माँ की आज्ञा

सहजता से स्वीकार

उसे सहयोग करेंगे

उसके आँगन को

सदा सहेजकर रखेंगे 

मानव जाति को बचाने....

 नव संकल्प के साथ आंग्ल नूतन वर्ष की आप सभी को हार्दिक शुभकामनायें ... 


सोमवार, 2 जनवरी 2017

आओ, नूतन वर्ष मनाएं ...



एक बरस और बीत रहा है
आओ हिलमिल हर्ष मनाएं 
आओ, नूतन वर्ष मनाएं 

जीवनतरु के नवपल्लव में 
नव आशा के पुष्प सजाएं 
आओ, नूतन वर्ष मनाएं

अपने तो सदा अपने हैं
गैरों को भी मीत बनाएं
आओ, नूतन वर्ष मनाएं   

नए-नए रंग हों नई उमंगें 
नयनों में उल्लास जगाएं 
आओ, नूतन वर्ष मनाएं 
 
नए गगन को छू लेने का 
मन में नव विश्वास जगाएं 
आओ, नूतन वर्ष मनाएं 

हरी धरा हो रुत मनभावन 
जीवन में मधुमास खिलाएं
आओ, नूतन वर्ष मनाएं  .... !

आप सबके लिए नववर्ष मंगलमय और खुशियों से भरा हो .... संध्या शर्मा