रविवार, 22 फ़रवरी 2026

इक ऐसी जगह हो...!

 न जाने कब से सोच रही हूँ

ऐसी जगह जाने की,

जहाँ जाते ही जगहें

मुझे गले लगाते हुए पूछें—

"इतने दिन कहाँ थी? कैसी है?"


जहाँ हर पेड़ मेरा नाम जानता हो,

हर पत्ता मेरे आने की ख़बर पंछियों को दे,

और हवा का झोंका बिना कुछ कहे

यूँ ही सर पर हाथ फेर दे।


जहाँ दरवाज़े मुझसे रूठें नहीं,

बल्कि खुलते ही मुस्कुरा उठें,

और देहरी पाँव रखते ही धीरे से कहे—

"बहुत दिन हुए, आई क्यों नहीं।"


जहाँ सुबह की धूप मेरी रज़ामंदी ले,

फिर आँगन में उतरे,

और शाम ढलते-ढलते

मेरे माथे पर चाँदनी का टीका लगा दे।


ऐसी जगह... शायद कोई गाँव हो,

कोई पहाड़, कोई नदी का किनारा,

या शायद कोई ऐसा घर,

जहाँ मैं ख़ुद को थका हुआ ना पाऊँ।


या फिर...

ऐसी जगह कोई और नहीं,

बस वो हो.....!

जिसकी आँखों में खोकर

मैं ख़ुद को फिर से पा लूँ।

9 टिप्‍पणियां:

  1. आहा! अति मनमोहक,बेहद भावपूर्ण अभिव्यक्ति संध्या जी।
    सादर।
    ------
    नमस्ते,
    आपकी लिखी रचना मंगलवार २४ फरवरी २०२६ के लिए साझा की गयी है
    पांच लिंकों का आनंद पर...
    आप भी सादर आमंत्रित हैं।
    सादर
    धन्यवाद।

    जवाब देंहटाएं
  2. Wahhh
    मनोकामना पूरी हो
    आमीन

    जवाब देंहटाएं
  3. वाह!!!
    सबके मन की...
    बहुत ही लाजवाब।

    जवाब देंहटाएं
  4. आपकी यह रचना पढ़कर मन को एक गहरा सुकून और मीठी उम्मीद मिली। जिस जगह और उस एहसास की बात आपने की है, वह सिर्फ भौतिक जगह नहीं, बल्कि दिल का वो कोना है जहाँ हमें अपनापन और प्यार मिलता है।

    जवाब देंहटाएं
  5. आप सभी का हार्दिक आभार और ब्लॉग पर स्वागत है...

    जवाब देंहटाएं